उन्नाव बाईपास पर शिवम त्रिपाठी का जोरदार स्वागत, बोले- क्रिकेट में प्रतिभाओं की कमी नहीं, जरूरत बेहतर मंच की

लखनऊ। शनिवार दोपहर उन्नाव बाईपास स्थित स्टेडियम के पास प्रदेश महासचिव यूथ कांग्रेस व उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य शिवम त्रिपाठी का युवाओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।  यश शुक्ला और निखिल द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में युवाओं ने शिवम त्रिपाठी को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें भगवान गणेश की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया।

स्वागत समारोह के दौरान शिवम त्रिपाठी ने युवाओं से संवाद करते हुए क्रिकेट और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है और गांव-कस्बों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। जरूरत है कि इन खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण, सुविधाएं और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिले। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन के साथ लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देता है और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को पहचान देने का माध्यम भी है। प्रतिभाओं को अवसर मिले तो छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़े स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं।

अपने स्वागत से भावुक नजर आए शिवम त्रिपाठी ने निखिल द्विवेदी, यश शुक्ला सहित सभी साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस आत्मीयता और स्नेह के साथ उनका स्वागत किया गया, वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।

कार्यक्रम में  रानु द्विवेदी, उत्सव शुक्ला,कृष्णा मादी विश्वकर्मा, अयान खान, अंबर त्रिवेदी, शिव सहाय द्विवेदी, सहज आनंद पांडेय, अनमोल मिश्रा, तनिष्क अवस्थी, मृदुल अग्निहोत्री, कुशल शुक्ला और पुष्कर द्विवेदी समेत अन्य युवा मौजूद रहे।