हेलमेट नहीं तो जिंदगी नहीं! शिया पीजी कॉलेज में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा जागरूकता अभियान

लखनऊ। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को लखनऊ स्थित शिया पीजी कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस उपायुक्त यातायात एवं संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस दौरान वक्ताओं ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने और रेड लाइट जंप न करने जैसे अहम यातायात नियमों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सड़क दुर्घटना के बाद “गोल्डन आवर”, “ग्रीन कॉरिडोर” और “नेक” जैसी जीवनरक्षक व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में आरटीओ की ओर से उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस जागरूकता कार्यशाला में करीब 260 लोगों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। 

कार्यशाला में प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक महानगर प्रमेश पाठक, आरटीओ इंफोर्समेंट प्रभात पाण्डेय, एआरटीओ इंफोर्समेंट आलोक कुमार यादव, हीरो मोटोकॉर्प ट्रैफिक पार्क से सुमित मिश्रा, कॉलेज के प्राचार्य एस.एस. बाकरी, कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, उपप्राचार्य, प्रोफेसर, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।