
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के जय जगत पार्क ग्राउंड में रविवार को आयोजित इंटर स्कूल एवं इंटर क्लब फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबलों में सीएमएस और स्टेला मेरिस टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
इंटर स्कूल मुकाबलों में चिरंजीवी भारती एवं सीएमएस कानपुर रोड तथा स्टेला मेरिस और एलपीएस वृन्दावन योजना की टीमों के बीच खेला गया। सीएमएस और स्टेला मेरिस की टीमों ने निर्णायक जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
इंटर क्लब मुकाबलों में लखनऊ सिटी फुटबॉल क्लब और हॉकिन्स फुटबॉल क्लब तथा टेक्ट्रो फुटबॉल क्लब और व्हाइट ईगल फुटबॉल क्लब की टीमों ने सेमीफाइनल में मुकाबला किया। हॉकिन्स फुटबॉल क्लब और टेक्ट्रो फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन कर फाइनल में प्रवेश किया।

यह प्रतियोगिता सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग के आठवें चरण और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा द्वारा आयोजित सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित की गई। लीग के आठवें चरण में इंटर स्कूल और इंटर क्लब फुटबॉल, क्रिकेट और बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन किया गया, जिसमें इंटर स्कूल श्रेणी की 20 टीमें और इंटर क्लब श्रेणी की 21 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता टीम को ₹25,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग की शुरुआत विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा 4 दिसंबर 2022 को अंडर-19 गर्ल्स बास्केटबाल टूर्नामेंट के साथ हुई थी। इसके बाद लीग के विभिन्न चरणों में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और बास्केटबाल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें हजारों युवा खिलाड़ी सक्रिय रूप से भाग ले चुके हैं। यह पहल युवाओं को फिट, सक्रिय और खेलों के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
