शांतिनगर में एसीपी की जनसंपर्क चौपाल: साइबर सुरक्षा, अतिक्रमण और महिला सुरक्षा पर दिए अहम निर्देश

लखनऊ। अपने क्षेत्र की सुरक्षा और जनता की सतर्कता को बढ़ाने के लिए सरोजनीनगर के शांतिनगर में मंगलवार को एक खास जनसंपर्क चौपाल आयोजित की गई। एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने लोगों से सीधे संवाद करते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और अवैध अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर जागरूक किया।

बैठक की शुरुआत अवैध अतिक्रमण के मुद्दे से हुई। एसीपी वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण आपदा या आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य में बड़ी बाधा बन सकता है, इसलिए सभी सार्वजनिक मार्गों को साफ और अवरोधमुक्त रखना जरूरी है।

चौपाल में यह भी बताया गया कि शराब ठेकों के बाहर नियमित चेकिंग अभियान चलाने से क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण में मदद मिल रही है। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को अज्ञात लिंक, ओटीपी और फिशिंग कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई।

एसीपी ने नागरिकों को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई और साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। चोरी, लूट और अन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जमीनी विवादों के समाधान में पुलिस–राजस्व विभाग की संयुक्त कार्यवाही की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही लोगों से अपने घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई, ताकि अपराधों की पहचान और जांच में आसानी हो सके।

चौपाल के दौरान यातायात नियमों, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, तथा 1090, 112 और 1098 जैसे जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले संदिग्ध फेरीवालों पर नजर रखने की विशेष अपील की गई।

कार्यक्रम में सरोजनीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति, थाने के अधिकारी–कर्मचारी और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।