लखनऊ। सरोजनी नगर में शनिवार शाम नशे में धुत एक प्रॉपर्टी डीलर ने मामूली कहासुनी पर रियल एस्टेट कारोबारी पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली तो नहीं लगी, लेकिन कारतूस के बारूद और छर्रे लगने से कारोबारी के हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
सरोजनी नगर स्थित स्कूटर इंडिया गेट नंबर-1 के पास रहने वाले गंगाराम यादव (40) मकान निर्माण और बिक्री का काम करते हैं। गंगाराम ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे वह अपनी बोलेरो से बसंत खेड़ा गांव में बने निर्माणाधीन मकान की देखने पहुंचे थे।
तभी वहां शराब के नशे में प्रॉपर्टी डीलर अतुल तिवारी (मूल निवासी हरदोई, वर्तमान में मक्का खेड़ा निवासी) पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि गंगाराम को देखते ही उसने उनके साथ भी अभद्रता शुरू कर दी। गंगाराम द्वारा विरोध करने पर मामला बिगड़ गया।
पीड़ित के मुताबिक, अतुल ने तमंचा निकालकर उन पर फायर कर दिया। गोली भले ही नहीं लगी, लेकिन कारतूस से निकली बारूद और छर्रों से गंगाराम के हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही सरोजनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
पुलिस ने आसपास के इलाके में दबिश देकर करीब दो घंटे में आरोपी अतुल तिवारी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
