लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात तीन छात्रों पर एक दर्जन युवकों ने घात लगाकर हमला कर दिया। डंडों और रॉड से की गई पिटाई में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दो छात्रों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जबकि श्रेय गौतम की हालत नाजुक होने पर उसे मेदांता रेफर किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी खबर पढ़े… एसीपी रजनीश वर्मा की चौपाल: हेल्पलाइन, कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष जोर
घटना मोहनलालगंज स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रों—श्रेय गौतम, आकाश तिवारी और अभय जयसवाल के साथ रात करीब 11:30 बजे हुई। डेंटल हॉस्पिटल उतरटिया के पीछे वाली सड़क से हॉस्टल लौटते समय 10–12 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर बेवजह मारपीट शुरू कर दी। हमले में श्रेय बेहोश हो गया, जबकि आकाश और अभय के सिर में गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। पीजीआई पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।