खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ के तत्वावधान में मोहनलालगंज स्थित जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट प्रशिक्षण सभागार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को स्वरोजगार, उद्यम स्थापना और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ए.के. गौतम ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों और विभागीय सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैंक ऑफ इंडिया, मोहनलालगंज के शाखा प्रबंधक अब्दुल नासिर ने ऋण प्रक्रिया, मार्जिन मनी और सब्सिडी से संबंधित जानकारियां साझा करते हुए युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त उद्योग विमल कुमार सिंह ने उद्यम स्थापना की प्रक्रियाओं और विभागीय सहयोग पर प्रकाश डाला। वहीं फैशन डिजाइनर प्रीती पाण्डेय ने खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। बैंक ऑफ बड़ौदा के निदेशक रजनीकांत तिवारी ने कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्व पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में नगर पंचायत मोहनलालगंज के प्रतिनिधि अध्यक्ष डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को आवश्यक बताया। एसोचैम उत्तर प्रदेश के सदस्य प्रदीप सिंह ने उद्योग और उद्यमी सहभागिता पर विचार व्यक्त किए।

इस दौरान उपस्थित युवाओं को योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया, ऑन-द-स्पॉट मार्गदर्शन तथा बैंक और विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजकों ने विश्वास जताया कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में नई प्रेरणा देंगे।