स्टांप पंजीयन मंत्री ने किया उप निबन्धक कार्यालय सरोजनी नगर का भूमि पूजन, 6 माह में बनेगा आधुनिक भवन

लखनऊ। प्रदेश सरकार द्वारा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरोजनी नगर में ‘कार्यालय उप निबन्धक सरोजनी नगर प्रथम व द्वितीय’ के नवनिर्मित भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह भी मौजूद रहे। मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्रीय जनता को रजिस्ट्री एवं अन्य विभागीय कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को पारदर्शी, सरल और आधुनिक सुविधाओं से युक्त सेवाएं उपलब्ध कराना है।

विधायक राजेश्वर सिंह ने इस परियोजना को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के बनने से स्थानीय स्तर पर ही लोगों के कई कार्य आसानी से हो सकेंगे और अनावश्यक भागदौड़ कम होगी।

जानकारी के अनुसार नवनिर्मित कार्यालय भवन 1500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके निर्माण के लिए 327.95 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन को छह माह की समय सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में अपर महानिरीक्षक निबंधन निरंजन कुमार, उप महानिरीक्षक निबंधन देवीपाटन मंडल महेश मिश्रा, सहायक महानिरीक्षक निबंधन लखनऊ रमेश चन्द्र, राजेश तिवारी, उप निबंधक सरोजनीनगर संतोष सिंह एवं प्रीती विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।