जन स्वाभिमान सेवा समिति का 11वां स्थापना दिवस भव्य रूप से संपन्न, सामाजिक न्याय और नशामुक्ति का संकल्प दोहराया गया

लखनऊ। सामाजिक सरोकारों को समर्पित जन स्वाभिमान सेवा समिति, उत्तर प्रदेश का 11वां स्थापना दिवस  शोभा बैंक्वेट हॉल, वृंदावन कॉलोनी (पीजीआई के निकट) में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एडवोकेट मयंक यादव, लखनऊ बार एसोसिएशन के कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी, के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।

समिति की स्थापना 25 दिसंबर 2014 को समाज के दबे-कुचले, गरीब और वंचित वर्गों के अधिकारों एवं सुरक्षा के उद्देश्य से की गई थी। समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि संस्था समाज में व्याप्त कुरीतियों, विशेषकर नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाकर परिवारों को नशामुक्त बनाने का प्रयास कर रही है।

समिति के महामंत्री एवं समाजसेवक हरिकेष यादव वर्षों से सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, गरीब बेटियों के विवाह, गंभीर बीमारियों में आर्थिक सहयोग और उपचार की व्यवस्था जैसे जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। समिति समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक यादव ने अपने उद्बोधन में आश्वासन दिया कि समिति से जुड़े सदस्यों अथवा गरीबों की जमीन पर माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जों और उत्पीड़न के मामलों में वे अपने अधिवक्ता साथियों के साथ नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान करेंगे।

स्थापना दिवस समारोह में राजनीतिज्ञों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, डॉक्टरों, समाजसेवियों एवं समिति के संस्थापक सदस्यों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मधुसूदन सिंह, अनार सिंह अन्नू, पार्षद प्रमोद कुमार यादव, देवेंद्र सिंह यादव जीतू, सुशील कुमार यादव, आर.पी. सिंह यादव (रायबरेली) सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

One thought on “जन स्वाभिमान सेवा समिति का 11वां स्थापना दिवस भव्य रूप से संपन्न, सामाजिक न्याय और नशामुक्ति का संकल्प दोहराया गया

Comments are closed.