गोसाईगंज में अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 जेसीबी मशीनें सीज

लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ईंट भट्ठे पर बिना अनुमति चल रहे खनन कार्य को रोकते हुए मौके से 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मोहम्मदपुर गढ़ी गांव में ईंट भट्ठे पर मिट्टी पलटा के नाम पर अवैध खनन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच के दौरान खनन से संबंधित कोई भी वैध अनुमति या स्वीकृति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त सभी वाहनों और मशीनों को सीज कर दिया। इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किए जा रहे खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।