लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के सरायवान पुकार गांव निवासी अभिषेक दीक्षित (28) लखनऊ की ओमेक्स सिटी कॉलोनी में रहकर एक जीएसटी अधिकारी के यहां वाहन चालक के रूप में काम करता था। वह पिछले करीब ढाई साल से उसी मकान के ऊपरी कमरे में रह रहा था, जहां वह नौकरी करता था। संबंधित अधिकारी वर्तमान में कानपुर में तैनात बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि शुक्रवार शाम अधिकारी के घर पहुंचने पर उन्होंने अभिषेक को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अभिषेक के भाई उमेश दीक्षित को सूचना दी। भाई के पहुंचने पर पुलिस को बुलाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां अभिषेक का शव पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटका मिला।
थाना प्रभारी के अनुसार, करीब दस दिन पहले अभिषेक के पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।