लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में कानपुर रोड पर लगने वाली लेबर और सब्जी मंडी को अब हटाकर सैनिक तिराहा क्षेत्र में शिफ्ट किया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को पुलिस अधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुई बैठक में लिया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य इलाके में रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत दिलाना था।
हाइडिल चौराहे के पास सड़क किनारे लगने वाली इन मंडियों के कारण लंबे समय से यातायात प्रभावित हो रहा था। खासकर महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस दिशा में कदम उठाया।

सरोजनीनगर थाने में आयोजित बैठक में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा और प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति के साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। चर्चा के दौरान सभी ने मंडी को व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित करने पर सहमति जताई।
निर्णय के मुताबिक, सड़क किनारे चल रही लेबर मंडी को सैनिक तिराहे के पास खाली पड़ी जमीन पर शिफ्ट किया जाएगा। अधिकारियों ने बैठक के बाद मौके का निरीक्षण कर स्थान को चिन्हित भी कर लिया है। सब्जी विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे 26 अप्रैल 2026 (रविवार) से नई निर्धारित जगह पर ही अपनी दुकानें लगाएं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से कानपुर रोड पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और यातायात सुचारु रहेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को सकारात्मक कदम बताया है।