स्पोर्ट्स मीट में बच्चों ने दिखाया हुनर, अभिभावकों की प्रतियोगिता रही आकर्षण
लखनऊ। खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेंट्रल पब्लिक स्कूल, रजनी शारदा नगर में तीन दिवसीय खेल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पहले दिन इस स्पोर्ट्स मीट में बच्चों ने उत्साह और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।
विद्यालय परिसर में आयोजित खेल उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आशियाना थाना क्षेत्र की किला चौकी इंचार्ज शुभम मेहंदियान रहे। खेल उत्सव की शुरुआत दीप प्रज्वलन और विद्यालय ध्वजारोहण के साथ हुई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य दिव्या पांडे ने कहा कि खेल उत्सव बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित खेल गतिविधियों से बच्चों में आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच और टीम भावना का विकास होता है।
विद्यालय के संस्थापक जगत नारायण पांडे ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों के माध्यम से बच्चे न केवल स्वस्थ रहते हैं, बल्कि जीवन में चुनौतियों का सामना करना भी सीखते हैं। विद्यालय का उद्देश्य है कि बच्चे खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन करें।
वहीं विद्यालय के अध्यक्ष त्रदीप नारायण पांडे ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खेल दिवस के अवसर पर खेल उत्सव का आयोजन कर बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी मजबूत करते हैं।
खेल उत्सव के दौरान जलेबी रेस, कोन रेस, साइकिल रेस, बास्केटबॉल, बनाना रेस, ब्लाइंड रेस और बैलेंसिंग रेस जैसी कई रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही अभिभावकों के लिए टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसने कार्यक्रम में अतिरिक्त उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्सरी और एलकेजी के नन्हे बच्चों की सहभागिता रही। छोटे बच्चों की मासूम कोशिशों और जोश को देखकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें देखिये ….
