लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन भानू की 10 दिवसीय किसान क्रांति पदयात्रा सोमवार को वृंदावन मैदान पहुंचते ही किसान आंदोलन का बड़ा शक्ति प्रदर्शन बन गई। बीते 1 फरवरी को गोसाईगंज ब्लॉक से शुरू हुई इस पदयात्रा को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
नौवें दिन सोमवार सुबह पदयात्रा सदर तहसील से रवाना होकर अर्जुनगंज, शहीदपथ और उतरेटिया होते हुए पीजीआई स्थित वृंदावन मैदान पहुंची। वृंदावन गेट के पास किसानों का बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे इलाके में किसान एकजुटता और उत्साह का माहौल बन गया।
भारतीय किसान यूनियन भानू के नेताओं के अनुसार पदयात्रा का समापन मंगलवार 10 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे वृंदावन मैदान में आयोजित विशाल किसान महापंचायत के रूप में किया जाएगा। इस महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान शामिल होकर अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर सरकार को संदेश देंगे।
किसान नेताओं का कहना है कि यह पदयात्रा किसानों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। महापंचायत के दौरान किसान हितों से जुड़े अहम प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
पदयात्रा के दौरान स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से राजू सिंघानिया, राहुल कुमार रावत, राहुल राय, के.डी. रावत, राजकमल, धीरज रावत, सद्दाम अली, नंदा रावत, प्रमोद रात, आयुष और अर्जुन रावत, शामिल रहे।
