कनकहा में मुठभेड़: 50 हजार का इनामी नशा तस्कर और साथी गिरफ्तार

लखनऊ।

मोहनलालगंज के कनकहा क्षेत्र में रविवार देर रात एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने पुलिस की मदद से हुई मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी नशा तस्कर पंकज त्रिपाठी और उसके साथी नरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग के दौरान पंकज त्रिपाठी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

सूचना पर एडीसीपी दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार, एसीपी विकास कुमार पांडे सहित एएनटीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीसीपी ने बताया कि कौशांबी जिले के थाना सैनी का वांछित इनामी तस्कर पंकज त्रिपाठी अपने साथी नरेन्द्र (निवासी रायबरेली) के साथ कनकहा में आने की सूचना मिली थी। एएनटीएफ टीम ने घेराबंदी की तो तस्कर ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पंकज त्रिपाठी घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार पंकज त्रिपाठी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कौशांबी सहित आसपास के जिलों में लंबे समय से नशे की सप्लाई कर रहा था। टीम ने उसके पास से अवैध तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस, बाइक व 2,050 रुपये नकद बरामद किए।