मोहनलालगंज में 20 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 8 निर्माण सील

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनलालगंज क्षेत्र में करीब 20 बीघा जमीन पर हो रही चार अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही काकोरी, पारा, आलमनगर, सैरपुर और बीकेटी में आठ अवैध निर्माणों को सील किया गया। यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2, जोन-3 और जोन-4 की संयुक्त टीमों ने की।

 

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया के अनुसार मोहनलालगंज के इन्द्रजीत खेड़ा में गुड्डू सिंह, किश्वर जहां, मधुकर यादव, पीताम्बर सहित अन्य लोगों द्वारा बिना ले-आउट मान्यता के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। अभियान चलाकर सभी चार प्लाटिंग स्थलों को ढहा दिया गया।

 

वहीं, प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि काकोरी, पारा और आलमनगर में पियूष, मनोज, रज्जन, पिंटू, धर्मेंद्र पटेल, संदीप और अरविंद द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के रो-हाउस और व्यावसायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। सभी छह निर्माण स्थलों को सील कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि सैरपुर में आईआईएम पेट्रोल पंप के पास मो. रहीस और अनीस द्वारा करीब 2500 वर्गमीटर क्षेत्र में रो-हाउस निर्माण चल रहा था। इसके अलावा बीकेटी के ग्राम भौली में रैथा रोड पर विनोद तिवारी द्वारा 1000 वर्गमीटर में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। दोनों निर्माणों को भी सील किया गया।