लखनऊ। लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ में रविवार को डिपार्टमेंट ऑफ ब्लड बैंक व लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति के संयुक्त सहयोग से ब्लड बैंक परिसर में एक बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सालय की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता, नगर अध्यक्ष लखनऊ आनंद द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्वलन व फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार दीक्षित एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रक्तदान शिविर में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पी.सी. तिवारी के नेतृत्व में पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान कुल 62 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से 44 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविर के समापन पर रक्तदाताओं को अल्पाहार प्रदान किया गया तथा प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर उनका सम्मान किया गया। आयोजन में श्रीप्रकाश उपाध्याय, आर.के. पांडेय, उपेंद्र, विपिन, धनंजय, नीतू भारती, राज बहादुर, सुनीता, आशीष, सुनील दास सहित लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति के पदाधिकारी और अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे रक्तदान शिविरों से समाज में सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध हो पाता है।