सैंट मार्टिन अकादमी की मैराथन ने बच्चों को स्वास्थ्य और फिटनेस का दिया संदेश

लखनऊ। लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम क्षेत्र में सैंट मार्टिन अकादमी की ओर से  रविवार को एक भव्य मैराथन का आयोजन किया गया। “अपने सपनों की ओर दौड़ें” और “जीवन एक मैराथन है, यात्रा को अपनाएं” जैसी प्रेरक थीम पर आधारित इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

मैराथन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को न केवल शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी का महत्व भी समझाया गया। आयोजन स्थल पर अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।

सैंट मार्टिन अकादमी की प्रबंधक कामायनी प्रभु ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि मैराथन को सफल बनाने के लिए विद्यालय की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं और सभी शिक्षक व कर्मचारी पूरे समर्पण के साथ आयोजन में शामिल रहे।मैराथन का समापन प्रेरणादायक संदेशों और बच्चों के उत्साह के साथ हुआ, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया।