पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। शेरपुर लवल गांव निवासी शम्भू सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 27 नवंबर की सुबह करीब सात बजे विपक्षी पक्ष ने उनके घर पहुंचकर बेटे पर हमला कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, राज सिंह अपनी मां नीलम सिंह और एक अज्ञात साथी के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उनके दरवाजे पर आया और गाली-गलौज करते हुए बेटे संतोष की पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने संतोष को गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिजन घायल संतोष को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उसे भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

इस संबंध में थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।