बीघापुर तकिया मेले में दिखा अनोखा नजारा, सफेद घोड़ा ‘युवराज’ बना आकर्षण

उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र में लगने वाला ऐतिहासिक तकिया मेला इस बार भी आस्था और भाईचारे का संदेश लेकर सजा है। धार्मिक आयोजनों और परंपराओं के बीच मेले में पहुंचे सफेद घोड़े ‘युवराज’ ने श्रद्धालुओं और दर्शकों का खास ध्यान अपनी ओर खींचा।

इस वर्ष के तकिया मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ एक खास नजारा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। मेले में पहुंचे खूबसूरत सफेद घोड़े ‘युवराज’ ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। युवराज की झलक पाने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोग उमड़ पड़े, जिससे मेला परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला।

घोड़े के स्वामी कमलेश सिंह यादव, निवासी मढ़ौली (थाना किशनपुर, खागा, जनपद फतेहपुर) ने बताया कि युवराज की उम्र करीब दो वर्ष तीन माह है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में इसकी अनुमानित कीमत ढाई से तीन लाख रुपये के बीच है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे युवराज की उम्र बढ़ेगी, उसकी बनावट और आकर्षण में और निखार आएगा।

तकिया मेले में एक ओर पूजा-पाठ, रुद्राभिषेक और चादरपोशी जैसे धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा का वातावरण बना रहे, वहीं युवराज जैसे विशेष आकर्षणों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक यह मेला एक बार फिर सामाजिक समरसता की मिसाल बनकर सामने आया।