लखनऊ। मतदाता सूची को दुरुस्त और अद्यतन करने के उद्देश्य से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर उपजिलाधिकारी पवन पटेल ने क्षेत्रीय नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो।
एसडीएम पवन पटेल ने बताया कि एसआईआर अभियान के अंतर्गत नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने, मतदाता सूची में दर्ज नाम या पते में सुधार, स्थान परिवर्तन तथा अन्य त्रुटियों के संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनते हुए अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास पहुंचकर फार्म भरें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि फार्म भरने के दौरान यदि किसी प्रकार की परेशानी आती है तो संबंधित बीएलओ या तहसील कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए और हर नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
एसडीएम ने जानकारी दी कि एसआईआर फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 26 दिसंबर कर दी गई है। उन्होंने ऐसे सभी पात्र मतदाताओं से अपील की, जिनका फार्म अब तक नहीं भरा गया है, कि वे तय समय सीमा से पहले प्रक्रिया पूरी कर लें।