शातिर हिस्ट्रीशीटर ने दुकान में दी धमकी, बंथरा पुलिस ने 2 घंटे में किया गिरफ्तार

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में सपा नेता की कपड़े की दुकान पर धमकी और रंगदारी की कोशिश करने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर अर्पित पटेल उर्फ तेरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, बंथरा के बहजना मऊ निवासी सपा जिला पंचायत सदस्य कैप्टन यादव की लतीफ नगर चौराहे पर कैप्टन क्लाथ हाऊस और कैप्टन जिम नामक दुकान है। सोमवार शाम कैप्टन यादव एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि उनके बड़े भाई विमलेश कुमार (मोनू यादव) कर्मचारियों के साथ दुकान पर मौजूद थे।

 

इसी दौरान बाइक से पहुंचे आरोपी ने कमर से तमंचा निकालकर दुकान में घुसते ही मोनू यादव को धमकी दी, कहा कि “कप्तान बहुत बड़े नेता बन गए हैं, हमें वसूली नहीं देते। आज उन्हें गोली मार देंगे।” हालांकि वहां लोगों के इकट्ठा होते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। विमलेश यादव की पहचान के आधार पर आरोपी अर्पित पटेल उर्फ तेरा, निवासी रसूलपुर गांव, को पुलिस ने महज 2 घंटे में रहीम नगर पड़ियाना से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और पैसों के लिए यह वारदात की। उसने अपने तमंचे को कहीं फेंक देने की बात भी कही। फिलहाल पुलिस उसके तमंचे की तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि अर्पित पटेल उर्फ तेरा एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ जीआरपी चारबाग, आशियाना, चिनहट और बंथरा थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है।