लखनऊ । बंथरा थाना क्षेत्र के लालाखेड़ा निवासी सौरभ रावत ने रामचौरा रोड के रहने वाले समीर, वसीम और सूरज रावत के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
सौरभ रावत ने बताया कि 30 नवंबर की शाम लगभग 7 बजे वह रामचौरा रोड स्थित गुलाब बैंड की दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी कारण से रोड की लाइट का तार टूट गया। इस पर आरोपियों ने उसे तार तोड़ने का झूठा आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया।
पीड़ित ने कहा कि इस मारपीट में उसके सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। जब आसपास लोग शोर मचाने लगे, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। बंथरा पुलिस ने सौरभ की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।