गीता जयंती पर इस्कॉन लखनऊ में 18 अध्यायों का महानुष्ठान, भक्तों ने दीं 700 श्लोकों की आहुतियाँ

लखनऊ। मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती के पावन पर्व पर श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन), सुशांत गोल्फ सिटी में सोमवार को दिव्य गीता हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी के नेतृत्व में शहरभर से आए भक्तों ने श्रीमद भगवद्गीता के 18 अध्यायों के 700 श्लोक का एक-एक उच्चारण करते हुए यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कीं। 700 श्लोकों के पूर्ण होने पर भक्तों ने पूर्णाहुति देकर भगवान का स्मरण किया, जिसके पश्चात प्रभुजी द्वारा महा आरती कर कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम के उपरांत सत्संग में जोनल सेक्रेटरी देवकीनंदन प्रभुजी ने गीता जयंती का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मोक्षदा एकादशी के ही दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को धर्म, कर्तव्य और भक्ति के सिद्धांतों का उपदेश देते हुए श्रीमद भगवद्गीता का संदेश दिया था, जिससे अर्जुन भय, भ्रम और संशय से मुक्त हुए। प्रभुजी ने बताया कि विश्वभर में इस्कॉन के भक्त इस दिन गीता के 700 श्लोकों का पाठ करते हैं और गीता मैराथन आंदोलन के तहत एक माह तक गीता पुस्तक का भव्य वितरण कर दिव्य संदेश का प्रचार-प्रसार करते हैं।

अंत में अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने भक्तों से आग्रह किया कि प्रतिदिन श्रीमद भगवद्गीता का एक श्लोक पढ़ने की आदत को जीवन में अवश्य शामिल करें।

दिव्य गीता हवन यज्ञ में लखनऊ और आसपास के अनेक भक्त शामिल हुए। सभी भक्तों ने भजन–कीर्तन, नृत्य, और एकादशी प्रसाद का आनंद लिया ।