मासूम की चुप्पी ने खोला स्कूल वैन का काला सच — सरोजनी नगर में चालक पर केस

लखनऊ। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में एक 8 साल की बच्ची के साथ स्कूल वैन चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने थाने में शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी कक्षा 3 में पढ़ती है और रोज स्कूल वैन से जाती है।

रविवार को बच्ची ने अपनी मां को बताया कि वैन चलाने वाला सुमित सिंह पिछले एक हफ्ते से उसे परेशान कर रहा था। बच्ची का कहना है कि चालक रास्ते में मौका पाकर उसके साथ गलत हरकत करता था और मना करने पर भी नहीं रुकता था।

परिजनों ने बताया कि शनिवार को चालक ने बच्ची को सबसे आखिर में घर छोड़ा और पूरे रास्ते में गलत व्यवहार करता रहा। इससे बच्ची बहुत डर गई और घर पहुंचकर उसने अपनी मां को सब कुछ बता दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों ने सरोजनी नगर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।