जोन 8 में सफाई व्यवस्था की खामियों पर मंत्री और महापौर सख्त, अधिकारियों को वेतन कटौती का आदेश

लखनऊ। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और जमीनी हालात का मूल्यांकन करने के लिए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को  जोन 8 के पाँच वार्डों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण में कई स्थानों पर नालियों में गंदगी और सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति पाई गई। मंत्री और महापौर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत सुधार के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत खरिका प्रथम वार्ड से हुई, जहाँ तेलीबाग, सुभानी खेड़ा, देवी खेड़ा और मोहारीबाग क्षेत्रों में सफाई की खराब स्थिति देखी गई। महापौर ने कर्मियों के ड्रेस कोड और अनुपस्थिति पर असंतोष जताया।

खरिका द्वितीय वार्ड में काशीराम कॉलोनी की जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मंत्री ने नालियों की नियमित सफाई और जलभराव रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने का आदेश दिया।

इब्राहिमपुर द्वितीय वार्ड स्थित ईश्वरी खेड़ा गांव में भी सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। राजा बिजली पासी प्रथम वार्ड में स्ट्रीट लाइट और नालियों की खराब स्थिति देखकर मंत्री ने सुधार के आदेश जारी किए।राजा बिजली पासी द्वितीय वार्ड, नटकुर में सफाई व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर पाई गई। मंत्री ने संतोष व्यक्त किया और कहा कि बाकी वार्डों में भी इसी स्तर की कार्यकुशलता लागू होनी चाहिए।

निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, नम्रता सिंह, चीफ इंजीनियर महेश वर्मा, जोनल अधिकारी विकास सिंह, सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र गांधी और अधिशासी अभियंता शील श्रीवास्तव सहित नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद थे।

सख्त कार्रवाई

जोन 8 में मिली लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने जोनल अधिकारी विकास सिंह, सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र गांधी और एसएफआई मीरा राव का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।