खेल के मैदान से स्वच्छता का संदेश: क्रिकेट टूर्नामेंट के साथ जागरूकता अभियान की शुरुआत

लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित जन जागरूकता क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का सोमवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सुषमा खर्कवाल ने किया, जहाँ खिलाड़ियों और दर्शकों में खेल के साथ स्वच्छता को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला।

महापौर XI और मीडिया XI के बीच पहला मुकाबला खेला गया। खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान महापौर ने कहा कि—
“जब खेल और स्वच्छता जैसे उद्देश्यों को जोड़ा जाता है, तो समाज में सकारात्मक संदेश और भी तेजी से पहुंचता है। स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली है, जिसे हर नागरिक को अपनाना चाहिए।”

उन्होंने  बताया कि नगर निगम इस पूरे कार्यक्रम को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित कर रहा है, ताकि आयोजन स्वयं साफ-सुथरे शहर का संदेश बने।

कार्यक्रम में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष  चरनजीत गांधी, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कई वार्डों के पार्षद और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम की इस पहल को सराहते हुए कहा कि खेल के माध्यम से स्वच्छता का संदेश फैलाना एक प्रभावी और नवीन कदम है।

टूर्नामेंट में कुल चार टीमें—महापौर XI, नगर आयुक्त XI, जलकल XI और मीडिया XI—भाग ले रही हैं। आने वाले दिनों में खेले जाने वाले मैचों के माध्यम से शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और खेल भावना दोनों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

खबर से जुड़ी तीन और तस्वीरें…..