लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान शेरपुर लवल निवासी शिवम रावत के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, युवक लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला शव
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे जीआरपी निगोहां से सूचना मिली कि शेरपुर लवल क्रॉसिंग से करीब 300 मीटर दक्षिण शेखपुर की ओर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही निगोहां थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान शिवम रावत पुत्र राममिलन, निवासी ग्राम शेरपुर लवल, थाना निगोहां के रूप में की। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
कैंसर की बीमारी से परेशान होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शिवम काफी समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बीमारी से परेशान होकर उसने रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही।