लखनऊ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ कारागार में देशभक्ति और उत्साह से भरा माहौल देखने को मिला। कारागार के मुख्य द्वार पर वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद करीब एक हजार बंदियों के बीच कॉमन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य के जरिए आजादी के पर्व की खुशियां साझा कीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले जेलकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महानिदेशक, कारागार की ओर से कारागार अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल को 1100 रुपये, जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी को 750 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया, जबकि डिप्टी जेलर अजय कुमार कुलवन्त को प्रशस्ति चिन्ह ‘रजत’ प्रदान किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 हेड जेल वार्डर और जेल वार्डरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

बंदियों ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां
ध्वजारोहण के बाद कॉमन हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बंदियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बंदी मनोज साहू ने ‘ऐसा देश है मेरा’, सोहराब ने ‘चिट्ठी आई है’ और रोहित कनौजिया ने ‘संदेशे आते हैं’ जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
वहीं बंदी रियाज और उनके साथियों ने देशभक्ति गीत ‘जलवा’ पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा हॉल तालियों से गूंजता रहा।
महिला बंदियों और बच्चों ने भी दी प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में महिला परिसर भी पीछे नहीं रहा। महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भावनात्मक और देशभक्ति का रंग भर दिया।

तिरंगे की रोशनी से जगमगाया कारागार परिसर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे कारागार और आवासीय परिसर को तिरंगे के रंग की रोशनी से सजाया गया। सभी राजकीय भवनों पर तिरंगा झंडा लगाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
प्रतिभागी बंदियों को मिले पुरस्कार, बांटे गए लड्डू
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल ने अधिकारियों, कर्मचारियों और बंदियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बंदियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कारागार प्रशासन की ओर से प्रत्येक बंदी को दो-दो लड्डू वितरित किए गए।
इस अवसर पर जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, सुनील दत्त मिश्र, अभय कुमार शुक्ल, सभी डिप्टी जेलर, बंदीरक्षक और बंदी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने कारागार परिसर में अनुशासन के साथ देशभक्ति, सकारात्मकता और उत्साह का संदेश दिया।