लखनऊ । सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अंसल इलाके में देर रात वेयरहाउस में चोरी के इरादे से घुसे संदिग्ध को देखकर गार्डों ने शोर मचाया तो उसने फायरिंग कर दी। फायरिंग में वेयरहाउस में तैनात गार्ड पंकज यादव घायल हो गया। उसके पेट और दाहिनी आंख के ऊपर माथे पर 12 बोर के छर्रे लगे। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
रात करीब 12:25 बजे संदिग्ध को देखा
पुलिस को दी गई तहरीर में टिकराघाट, थाना सतरिख, बाराबंकी निवासी अवधराम ने बताया कि 15 अगस्त की रात वह सेक्टर-एल स्थित अंसल स्टोर में ड्यूटी पर मौजूद था। उसके साथ गार्ड पंकज यादव पुत्र रामसुमिरन यादव निवासी उदवतखेड़ा, थाना गोसाईंगंज और गार्ड शिववीर सिंह भी ड्यूटी पर थे।
तहरीर के मुताबिक, रात करीब 12:25 बजे शिववीर सिंह सुपरवाइजर के साथ सेक्टर-जे में राउंड पर गया था। इसी दौरान पंकज यादव सामान की देखरेख के लिए स्टोर की तरफ गया। वहां उसे एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया। पंकज ने तत्काल अवधराम को आवाज लगाई और चोर-चोर चिल्लाया।
असलहा देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की
अवधराम के मुताबिक, आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा तो संदिग्ध के हाथ में असलहा था। उसने पंकज को वहां से भागने के लिए कहा। दोनों वहां से भागने लगे, तभी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी ओर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
फायरिंग में अवधराम किसी तरह बच गया, लेकिन पंकज यादव के पेट और दाहिनी आंख के ऊपर माथे पर गोली के छर्रे लग गए। पंकज के घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया।
12 बोर के छर्रे लगने से हुआ घायल
पुलिस के अनुसार, पंकज के शरीर पर 12 बोर के छर्रे लगे हैं। उसे उपचार के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की तलाश
मामले में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा करने और फायरिंग करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।