लखनऊ। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने शनिवार को आयोजित ‘एजुकेशन एंड करियर फेयर 2026’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और बदलते वैश्विक परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन 2047 के अनुरूप विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिले, ताकि वह अपने भविष्य को बेहतर बना सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और परिणामोन्मुख बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा पर किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव साबित होता है।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं। अब सरकारी विद्यालयों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। पहले जहां अभिभावकों में सरकारी स्कूलों को लेकर झिझक थी, वहीं अब स्थिति बदल रही है और सरकारी विद्यालयों की ओर उनका रुझान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शिक्षा को राजनीति से दूर रखा जाए और इसे केवल बच्चों के भविष्य निर्माण का माध्यम बनाया जाए। साथ ही समाज से भी शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के साथ सहभागिता करने की अपील की, ताकि बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है तथा शिक्षा व्यवस्था में संरचनात्मक बदलाव किए गए हैं। इन सुधारों के सकारात्मक परिणाम विभिन्न सर्वेक्षणों में भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश के प्रत्येक छात्र को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।