लखनऊ। मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र के रघुनाथ खेड़ा मजरे मदारी खेड़ा गांव में शनिवार को समाजवादी पार्टी के सांसद आरके चौधरी और पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने गांव में पैदल भ्रमण कर घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और उनका हालचाल जाना।
ग्रामीणों ने नेताओं के सामने मदारी खेड़ा से रघुनाथ खेड़ा को जोड़ने वाले जर्जर मार्ग और संकरे पुल की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के बीच बना पुराना और क्षतिग्रस्त पुल बरसात के दिनों में बड़ी परेशानी बन जाता है। पुल संकरा होने के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है और भारी वाहनों के आवागमन में भी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का कहना था कि बारिश के दौरान जलभराव और पुल की खराब स्थिति के चलते बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को खेतों तक आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपात स्थिति में एंबुलेंस तक गांव में नहीं पहुंच पाती। ग्रामीणों ने जल्द चौड़े और मजबूत पुल के निर्माण की मांग की।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद आरके चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुल निर्माण का प्रस्ताव जल्द तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा और शासन स्तर पर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास और लोगों की सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
वहीं पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए वह हर स्तर पर सहयोग करेंगे और क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा, प्रधान गुलाम गौस, प्रधान राकेश यादव, कुलदीप यादव, शादफ खान, अज़ीज़ अहमद, बबलू, सोहन गौतम, गुलजार अहमद, मुमताज अहमद, हुबलाल, शादाब अहमद, इकबाल अहमद, पीर गुलाम, हाफिज जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।