पहली पत्नी के रहते रचाई दूसरी शादी, फर्जी दस्तावेज बनाकर महिला से ठगी—आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ । सुशांत गोल्फ सिटी  पुलिस ने फर्जी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने और पहली पत्नी के जीवित रहते दूसरी शादी रचाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को प्रयागराज से दबोचा गया है।

पुलिस के अनुसार, गोमतीनगर स्थित यूपी-112 मुख्यालय में कार्यरत नेहा सिंह ने 18 सितंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि संदीप कुमार नामक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी के रहते उससे शादी कर ली और फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसे धोखे में रखा। शिकायत में यह भी कहा गया कि गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

मामले में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपी की तलाश में प्रयागराज पहुंची। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर 18 अप्रैल को ग्राम पडौना, थाना उतरांव क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी संदीप कुमार (33) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लॉटिंग और रिपोर्टिंग का काम करता है और अपने शौक पूरे करने के लिए उसने खुद ही फर्जी दस्तावेज तैयार किए और धोखाधड़ी की नीयत से दूसरी शादी की।

पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, जिसमें पहले से कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।