सुशांत गोल्फ सिटी में चोरी का खुलासा, 2 शातिर चोर गिरफ्तार

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रेंजर साइकिल और लोहे का तवा बरामद हुआ है, जबकि वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, गोकुलधाम सोसाइटी निवासी राम चरित्र वर्मा ने 13 अप्रैल को अपने प्लॉट से साइकिल और तवा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शहीद पथ सर्विस लेन के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक से जा रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से लोहे का तवा मिला। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना कबूल कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम विकास द्विवेदी (24)  और संजय रावत (38) निवासी युसुफनगर बगियामऊ बताया। दोनों मजदूरी का काम करते हैं।

आरोपी विकास द्विवेदी की निशानदेही पर चोरी की साइकिल गांव के पास एक शौचालय में छिपी मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी करते हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।