मोहनलालगंज तहसील में सर्वर ठप, दिनभर भटकते रहे खरीदार-विक्रेता

लखनऊ संवाददाता। मोहनलालगंज तहसील स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में सर्वर की समस्या से आमजन और अधिवक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी पूरे दिन सर्वर ठप रहने के कारण दूर-दराज से आए खरीदार और विक्रेता तहसील परिसर में भटकते नजर आए, लेकिन देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।

अधिवक्ता अंकित सिंह, सुरेश कुमार, अभिषेक सिंह और उद्भव मिश्रा ने बताया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय में सर्वर फेल होने की समस्या अब आम हो गई है। इसके चलते न केवल अधिवक्ता बल्कि संपत्ति की खरीद-फरोख्त करने वाले लोग भी घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कई बार तो देर रात तक सर्वर चालू होने का इंतजार करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में सर्वर की समस्या के चलते लोगों को रात करीब 12 बजे तक कार्यालय में बैठे रहना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

रायबरेली निवासी रामकुमार ने बताया कि वह सुबह ही तहसील पहुंच गए थे और संपत्ति खरीदने के लिए विक्रेता के खाते में पैसा भी ट्रांसफर कर दिया था, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण रजिस्ट्री नहीं हो सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में यदि कोई अप्रिय घटना हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

वहीं सुल्तानपुर निवासी राजेश्वर ने बताया कि विक्रेता पैसा मिलने के बाद ही हस्ताक्षर करने को तैयार था। पैसा ट्रांसफर करने के बाद जब तहसील पहुंचे तो सर्वर बंद मिला, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सर्वर ठप रहने के कारण तहसील परिसर के साथ ही आसपास के होटलों और दुकानों पर भी खरीदारों व विक्रेताओं की भीड़ लगी रही। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।