मोहनलालगंज में भव्य कलश यात्रा के साथ भागवत कथा का शुभारंभ

लखनऊ संवाददाता। सोमवार को मऊ के मंदिरों से शुरू हुई भव्य कलश यात्रा मोहनलालगंज कस्बे तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा कस्बा धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

आयोजक योगेश गुप्ता, दुर्गा दयाल गुप्ता व देवी दयाल गुप्ता ने बताया कि सोमवार सुबह विधि-विधान के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कस्बे में पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।उन्होंने बताया कि भागवत कथा का आयोजन सोमवार से प्रारंभ हो गया है, जिसका श्रवण प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक कराया जाएगा। कथा वाचक प्रमोदानंद जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।आयोजकों के अनुसार कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पूरे क्षेत्र में कथा और कलश यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।कार्यक्रम के समापन पर 20 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।