फुलवरिया मोड़ पर मौत को मात! आर्मी जवान की कार डिवाइडर पार कर पलटी, परिवार बाल-बाल बचा

लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया मोड़ के पास मंगलवार  शाम करीब 4:15 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से प्रयागराज जा रही एक क्रेटा कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए रायबरेली से लखनऊ लेन में पहुंचकर पलट गई।

पुलिस के मुताबिक, कार संख्या CH 01 BJ 8694 को सूबेक सिंह (41 वर्ष), जो आर्मी में सेवारत हैं और सिलेक्शन सेंटर ईस्ट प्रयागराज से संबद्ध बताए गए हैं, चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी संदीप कौर और दो बच्चे—फतेहवीर (7 वर्ष) व हरनाज (ढाई वर्ष)—भी सवार थे। फुलवरिया मोड़ पार करते समय पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार कई फीट तक घिसटती हुई डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंची और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। राहत की बात यह रही कि चारों को मामूली चोटें आई हैं और सभी खतरे से बाहर हैं। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और यातायात सुचारू रूप से संचालित कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

हादसे के जुड़ी तस्वीर….