लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के असलमनगर गांव में रविवार सुबह एक नीलगाय खेतों की ओर से भागते हुए अचानक गांव के पास स्थित एक पुराने कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नीलगाय को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए।
ग्रामीणों के मुताबिक सुबह के समय नीलगाय खेतों से होते हुए गांव की ओर आ गई थी। इसी दौरान असलमनगर में स्थित एक पुराने कुएं के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरी। नीलगाय के गिरने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू कराया। कुएं में काफी पानी भरा होने के कारण नीलगाय को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था।
इसी दौरान गांव के किसान राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने अपनी मशीन चलाकर कुएं का पानी बाहर निकालना शुरू किया, जिससे बचाव कार्य आसान हो सके। पानी कम होने के बाद ग्रामीणों ने रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से काफी देर तक प्रयास किया और अंततः नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाव के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने लोगों से कुएं के पास भीड़ न लगाने और सावधानी बरतने की अपील भी की। नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली।