लखनऊ। आगामी होली, रमजान, अलविदा नमाज और ईद के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए बुधवार को निगोहां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पाण्डेय ने की।
बैठक में थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी, हल्का इंचार्ज, बीट प्रभारी, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
एसीपी विकास कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान शराब पीकर हुड़दंग मचाने, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए।
थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।