उदयपुर के शिव मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन

लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के उदयपुर गांव स्थित शिव मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। ग्राम उदयपुर के युवा समाजसेवी एडवोकेट अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत भंडारे का शुभारंभ हुआ।

भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को पुड़ी, सब्जी, चावल और खीर परोसी गई। मंदिर परिसर में जय श्रीराम के जयकारों और भक्ति गीतों की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले कन्याभोज संपन्न कराया गया, इसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भी सक्रिय सहभागिता रही।

इस अवसर पर बबलू सिंह, सानू सोनी, अभय प्रताप सिंह, समर यादव, शुभम सिंह, संदीप शर्मा, मोनू सिंह, दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।