
लखनऊ। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में श्री राजपूत करणी सेना द्वारा निगोहां क्षेत्र में नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। संगठन की ओर से समाजसेवी विमल नारायण सिंह को जिला सचिव तथा राघवेंद्र सिंह को जिला मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुरुवार को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ संगठन के पदाधिकारियों के साथ निगोहां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधिवत रूप से दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किए। आयोजन स्थल पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
मनोनयन के बाद जिला सचिव बनाए गए विमल नारायण सिंह ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ खरे उतरेंगे तथा संगठन की गरिमा को मजबूत करने का कार्य करेंगे। वहीं जिला मंत्री राघवेंद्र सिंह ने भी संगठन के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए सामाजिक समरसता और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अजीत प्रताप सिंह, अभय प्रताप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, शिवम सिंह सहित कई गणमान्य समाजसेवी और करणी सेना के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवमनोनीत पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।