लखनऊ। मोहनलालगंज ब्लॉक में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) की मासिक बैठक के साथ पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मोहनलालगंज तहसील व ब्लॉक क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों किसान और पत्रकार शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसान कई तरह की चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन संगठन किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। प्रदेश प्रभारी ने इस दौरान 1 फरवरी से 10 दिवसीय “किसान क्रांति पदयात्रा” निकालने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा लखनऊ जनपद की सभी तहसीलों और ब्लॉकों से होकर गुजरेगी और किसानों की प्रमुख मांगों को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।

जिला अध्यक्ष अनुरेंद्र कुमार अन्नू ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन लगातार किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों को एकजुट कर उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आने वाले समय में किसान यूनियन का आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा।
कार्यक्रम में निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक और किसान यूनियन के प्रदेश मीडिया प्रभारी मुकेश द्विवेदी ने पत्रकारों और किसानों के आपसी संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान और पत्रकार दोनों ही समाज की सच्चाई को सामने लाने का काम करते हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से ही किसानों की वास्तविक समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंच पाती हैं। उन्होंने पत्रकारों से किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले वरिष्ठ पत्रकार जय शरण शुक्ला उर्फ जय शुक्ल का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों, पत्रकार साथियों और किसानों ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन समारोह के बाद कार्यक्रम में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
पत्रकार सम्मान समारोह के दौरान भारतीय किसान यूनियन की ओर से क्षेत्र के पत्रकारों को शाल ओढ़ाकर उन्हें डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में किसान यूनियन के उमेश वर्मा, अर्जुन सिंह फौजी, उमेश यादव, मोनिश खान, विशाल यादव, देवता दीन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ पत्रकारों में योगेंद्र तिवारी, ललित मिश्रा,अखिलेश द्विवेदी, दिलीप मिश्रा, अनुपम मिश्रा, विजय जयसवाल,मनोज यादव, विमल सिंह, नवीन वर्मा, अरुण सिंह, हिमांशु रावत, तरुण रस्तोगी,अवनीश पांडे, अनुराग तिवारी, मोइन खान, मुकेश मिश्रा, शैलेंद्र शुक्ला, राघवेंद्र सिंह, रमा कांत मिश्रा, जय सिंह, अशोक सिंह, बृजराज सिंह, रोहित दीक्षित, विनय मिश्रा, धीरज तिवारी, सूरज तिवारी, विवेक कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन किसान एकता, संगठन की मजबूती और किसानों के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।