आशियाना में इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी की ‘बृज की रसोई’ ने पेश की मानवता और ससम्मान सेवा की मिसाल

लखनऊ। इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित सामाजिक प्रकल्प बृज की रसोई के अंतर्गत रविवार को आशियाना, लखनऊ में निःशुल्क भोजन वितरण सेवा का सफल आयोजन किया गया। 

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने बताया कि इस सेवा अभियान का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों की भूख मिटाना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराकर मानवीय मूल्यों, संवेदना और सहयोग की भावना को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान असहाय, निराश्रित, श्रमिक वर्ग, बच्चों एवं बेसहारा लोगों को पौष्टिक भोजन परोसा गया।

कार्यक्रम में उपस्थित संजय श्रीवास्तव ने कहा कि बृज की रसोई आशियाना क्षेत्र में सेवा, सम्मान और सहयोग का संदेश देती एक प्रेरणादायी पहल बन चुकी है। वहीं अनुराग दुबे ने बताया कि बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और जरूरतमंदों की संतुष्टि इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

संस्था के विकास पाण्डेय ने जानकारी दी कि बृज की रसोई पिछले लंबे समय से निरंतर निःशुल्क भोजन सेवा के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचा रही है। आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह सेवा जनसहयोग और दानदाताओं की उदारता से संभव हो पा रही है , समाज के सभी वर्गों से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील की।

दीपक भुटियानी ने बताया कि इस बार निःशुल्क भोजन वितरण सेक्टर-एम रिक्शा कॉलोनी, रतनखंड पार्क, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के पास स्थित झुग्गी-झोपड़ियां, निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत श्रमिकों के अस्थायी आवास, नगर निगम जोन-8 की मलिन बस्तियां तथा रतनखंड पानी टंकी सहित अनेक क्षेत्रों में किया गया। इस दौरान लगभग 1500 निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को आलू-मटर-टमाटर की सब्जी, चावल एवं गाजर का हलुआ सप्रेम परोसा गया।

कार्यक्रम में संस्था के समर्पित पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक दीपक भुटियानी, संजय श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, आशीष श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय, नवल सिंह, हीरा सिंह, दिनेश पाण्डेय एवं गोविन्द सिंह ठाकुर सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम शांति, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ सम्पन्न हुआ।

हीरा सिंह ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की सेवा गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से सभी सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।