लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने रविवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 और 25 दिसंबर को प्रेरणा स्थल पर प्रस्तावित विशेष कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शहर के विभिन्न जोनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपर नगर आयुक्तों एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से प्रेरणा स्थल तक प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने राजधानी लखनऊ की छवि से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले अतिथियों के लिए स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित शहर का वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मार्गों के सौंदर्यकरण, स्वच्छता व्यवस्था, मार्गप्रकाश, हरियाली, डिवाइडर, फुटपाथ, नालियों की सफाई तथा अतिक्रमण नियंत्रण की गहन समीक्षा की।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट से प्रेरणा स्थल तक सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। कहीं भी कूड़ा, गंदगी या निर्माण सामग्री पाए जाने पर उसे तत्काल हटाया जाए। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने, अंधेरे वाले स्थानों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने नियमित रूप से स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कूड़ा उठान, डोर-टू-डोर कलेक्शन, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, कूड़ेदानों की स्थिति और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग, जलकल और स्वच्छता विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। नालियों की सफाई, जलभराव की संभावनाओं वाले स्थानों की पहचान और समय रहते समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सौंदर्यकरण कार्यों के अंतर्गत पेंटिंग, दीवारों पर स्वच्छता संदेश, पौधारोपण और हरित पट्टियों के रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, चीफ इंजीनियर, जीएम जलकल सहित समस्त अधिशासी अभियंता एवं नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नगर आयुक्त को निर्देशों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुपालन का आश्वासन दिया।