मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग से दुराचार के मामले में दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, एक फरार

लखनऊ । मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुराचार के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य अभियुक्त फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति द्वारा 14 नवंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री, जो कक्षा 9 की छात्रा है, विद्यालय से घर लौटते समय लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद बालिका का कोई सुराग नहीं लग सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बालिका की सकुशल बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस टीम द्वारा 16 दिसंबर 2025 को नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।

नियमानुसार बालिका का बयान दर्ज कराया गया, जिसमें उसके द्वारा तीन व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए गए। विवेचना के दौरान उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में धारा 70(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 5(छ)(ठ)/6 पाक्सो अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई।

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में रविवार को पुलिस टीम ने थाना मोहनलालगंज क्षेत्र से अभियुक्त रोहित उर्फ सोहित एवं मनीष रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मामले में नामजद तीसरा अभियुक्त रितिक फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।