लखनऊ। बंथरा पुलिस ने महिला विशिष्ट बीट त्रैमासिक कार्यक्रम और मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गुरुवार को लाला खेड़ा गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चियों को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक गुलाब कली, उपनिरीक्षक नेहा यादव, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र, महिला कांस्टेबल रामा गुड़िया, महिला कांस्टेबल प्रेमलता और एंटी रोमियो टीम मौजूद रही। पुलिसकर्मियों ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से बताया।

इस मौके पर महिलाओं और किशोरियों को आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098, 1076, 112, 1090, 181 सहित अन्य नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही यूपी कॉप मोबाइल एप के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
पुलिस ने साइबर अपराधों को लेकर लोगों को सतर्क करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और सहयोग का भरोसा जताया।