कक्षा 10 की छात्रा को भगाने वाला युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र से कक्षा 10 की छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस इससे पहले पीड़ित किशोरी को बहराइच से सुरक्षित बरामद कर चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, सरोजनी नगर निवासी महिला ने 28 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 26 नवंबर की सुबह पढ़ने के लिए स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद भी घर वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका।

जांच के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गहरू गांव निवासी भीम रावत नामक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी बहराइच में है। इसके बाद 15 दिसंबर को पुलिस टीम ने बहराइच पहुंचकर किशोरी को एक किराए के कमरे से बरामद कर लिया, जबकि आरोपी वहां से फरार मिला।

थाने लाकर पूछताछ के दौरान किशोरी ने बताया कि आरोपी पहले उसे लुधियाना ले गया, जहां कुछ दिन रखने के बाद बहराइच ले आया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गईं।

सरोजनी नगर प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी अपने परिजनों से मिलने गहरू अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।