लखनऊ। सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम बिजनौर में गुरुवार को नगर निगम और तहसील प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम की कीमती भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कब्जा करने वालों में डर का माहौल बन गया।
नगर निगम लेखपाल अनुपम कुमार और तहसील लेखपाल आदेश शुक्ला द्वारा बीते दिनों भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान गाटा संख्या 527, 2450, 2450/स, 1919, 1919 (2), 448 और 956 में दर्ज नगर निगम की जमीन पर प्रॉपर्टी डीलरों और कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया जाना सामने आया था।

इसके बाद गुरुवार को नगर निगम और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को सुरक्षित कराया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की ओर से चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए, जिसमें स्पष्ट किया गया कि यह भूमि नगर निगम की संपत्ति है।
अधिकारियों ने अवैध कब्जेदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम की संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा सके।