फल विक्रेता के घर चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर नगदी व जेवरात लेकर फरार

लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मऊ गांव में बेखौफ चोरों ने एक फल विक्रेता के घर को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित फल विक्रेता रवि कश्यप के अनुसार, बीते रविवार की रात भोजन के बाद वह अपनी पत्नी सीमा के साथ कमरे में सो गए थे।

देर रात चोर छत के रास्ते सीढ़ी से घर में दाखिल हुए और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर उसमें बेलन में रुमाल फंसा दिया, ताकि अंदर से दरवाजा न खुल सके। इसके बाद खिड़की पर रखी चाबी से पिछले कमरे का ताला खोलकर वहां रखी अलमारी को खंगाला। चोर अलमारी के लॉकर से लगभग छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

सोमवार सुबह नींद खुलने पर दंपती ने जब कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया तो शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर दरवाजा खोला। इसके बाद पिछले कमरे में जाकर देखा गया तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखा सामान गायब था।

घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अतुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम चोरी की घटना के खुलासे के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है।