एसएनटी मैदान पर एनपीएल टूर्नामेंट का रोमांच, कैथी व रघुनाथ खेड़ा ने दर्ज की शानदार जीत

लखनऊ। निगोहां स्थित एसएनटी ग्राउंड में चल रहे एनपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन दर्शकों को जबरदस्त रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले। खेले गए दो अंतिम लीग मैचों में कैथी और रघुनाथ खेड़ा की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

दिन का पहला मुकाबला निगोहां और कैथी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर निगोहां टीम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैथी टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 170 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कैथी के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए निगोहां के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी निगोहां टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और 15 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 133 रन ही बना सकी। इस तरह कैथी टीम ने यह मुकाबला बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।

दिन का दूसरा मैच रघुनाथ खेड़ा और लवल टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर लवल टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन रघुनाथ खेड़ा के गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली। पूरी टीम मात्र 10.3 ओवर में 100 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।

जवाब में रघुनाथ खेड़ा की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 7.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीत लिया।

मैचों के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह के साथ-साथ मैदान पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में अब खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।